SIR फॉर्म भरने के लिए मांगे पैसे, बीएलओ बर्खास्त

गढ़वा: जिले के रंका प्रखंड की बीएलओ जमीला बीबी को बर्खास्त कर दिया गया है. उन पर एसआईआर फॉर्म भरने के दौरान पैसे मांगने का आरोप था. इसका वीडियो भी वायरल हुआ था. जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है.

दरअसल, रंका प्रखंड के बूथ नंबर 383 की बीएलओ जमीला बीबी को गढ़वा उपायुक्त पीएन मिश्रा के आदेश पर नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया. जमीला बीबी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह SIR फॉर्म भरने और जमा करने के एवज में खर्चा पानी के रूप में 50 से 100 रुपये मांग रही थीं. पैसे न देने पर उन्होंने नागरिकता रद्द करने की धमकी भी दी थी.

इसका वीडियो सोशल मीडिया डाल दिया गया, जो तेजी से वायरल हो गया. जिसके बाद मामले की जांच की गई. जांच के दौरान कई लोगों ने बीएलओ जमीला बीबी पर रिश्वत मांगने और लेने का आरोप लगाया, जिसके बाद गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी ने जमीला बीबी को कारण बताओ नोटिस जारी किया.

जमीला बीबी की ओर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर डीसी ने आज उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया. डीसी पीएन मिश्रा ने कहा कि जांच में पुष्टि हुई है कि वायरल वीडियो जमीला बीबा की ही है, जिसमें वह आपत्तिजनक बातें कर रही थीं. इसके बाद नोटिस जारी किया गया. वह नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं, जिसके कारण आज यह कार्रवाई की गई.

Share this News...