जमशेदपुर 11 July डीडी बार बिष्टुपुर के समीप 27 जून की रात हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर गठित विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) ने मामले के मुख्य आरोपी राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चापड़ भी बरामद किया गया है।
सिटी SP ललित मीणा ने बताया कि , 27 जून की रात करीब 11:30 बजे डीडी बार के पास धारदार हथियार से हमला किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इससे पहले इस मामले में नामजद और अन्य कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपी राहुल दुबे को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद कर लिया गया।