न्यूजीलैंड में पीएम मोदी ने कहा कि 25-30 साल पहले जब मुझे सार्वजनिक जीवन में कोई जानता नहीं था, तब मुझे यहां आने का अवसर मिला था और उस समय मुझे किसी ने गिफ्ट में तीन चीजें दी थीं, जो मैं वापस भारत लेकर गया था। एक ये मफलर, एक कैप और एक दस्ताना, क्योंकि ठंड का मौसम था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत के विकास की गति अभूतपूर्व है और वह दुनिया को विकास का एक नया मॉडल दे रहा है। पिछले 40 साल में न्यूजीलैंड की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों को एक मफलर दिखाया और कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले करीब 25-30 साल पहले जब वह न्यूजीलैंड आए थे, तब उन्हें यह गिफ्ट में मिला था।
पीएम मोदी ने कहा, ‘’25-30 साल पहले जब मुझे सार्वजनिक जीवन में कोई जानता नहीं था, तब मुझे यहां आने का अवसर मिला था और उस समय मुझे किसी ने गिफ्ट में तीन चीजें दी थीं, जो मैं वापस भारत लेकर गया था। एक ये मफलर, एक कैप और एक दस्ताना, क्योंकि ठंड का मौसम था। उसमें से एक चीज मैं इस कार्यक्रम में भी लेकर आया हूं। ये मफलर तीस साल पहले न्यूजीलैंड के एक साथी ने दिया था। इतने साल में मैंने कई बार इसका इस्तेमाल किया और आज भी बहुत संभालकर रखा है, जैसे आपके प्यार को संभालकर रखता हूं।”
पीएम मोदी ने ऑकलैंड में प्रवासी भारतीय समुदाय के ‘किया ओरा मोदी’ नामक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के संबंध सुखद स्मृतियों, स्थायी मित्रता, साझा मूल्यों और परस्पर प्रतिबद्धता पर आधारित हैं। कार्यक्रम में न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने लोगों की तालियों और उत्साह के बीच कहा, ”वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत जिस गति से विकास कर रहा है, वह अभूतपूर्व है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया को विकास का एक नया मॉडल दे रहा है।
उन्होंने कहा, ”आज भारत में एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) के माध्यम से हर महीने अरबों डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं। भारत ड्रोन प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में नयी ऊंचाइयां छू रहा है।” इस दौरान लोगों ने तालियां बजाईं और ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड का भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है तथा दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता विकसित राष्ट्र बनने की भारत की यात्रा को गति देगा। उन्होंने कहा, ”इससे भारत और न्यूजीलैंड, दोनों देशों के कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।” मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के अंतिम चरण में शुक्रवार को ऑकलैंड पहुंचे थे।
पीएम मोदी ने खेलों से जुड़ी प्रदर्शनी का दौरा किया
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को न्यूजीलैंड के अत्याधुनिक खेल उपकरणों से जुड़ी एक प्रदर्शनी का दौरा किया। इस प्रदर्शनी का आयोजन न्यूजीलैंड के कुछ प्रमुख खिलाड़ियों के सहयोग से किया जा रहा है। मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड में हैं। किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड का यह 40 वर्षों में पहला दौरा है। खेल उपकरण प्रदर्शनी में उनके साथ न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन भी थे।
‘खेल हमेशा भारत और न्यूजीलैंड के बीच…’
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ”खेल हमेशा से भारत और न्यूजीलैंड के बीच एक मजबूत ब्रिज का काम करते रहे हैं। इस साल हम इन जीवंत खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न भी मना रहे हैं।” उन्होंने कहा, ”ऑकलैंड में प्रधानमंत्री लक्सन और मैं खेलों से जुड़ी एक प्रदर्शनी को देखने गए जहां हमने अत्याधुनिक खेल नवाचारों की एक श्रृंखला देखी। यह देखना अद्भुत था कि कैसे प्रौद्योगिकी और रचनात्मकता खेलों के भविष्य को आकार दे रही है और साथ ही हमारे दोनों देशों के संबंध प्रगाढ़ कर रही है।”