विजय हजारे में पृथ्वी शॉ का रिकॉर्ड:चौथा शतक लगाने के साथ एक सीजन में सबसे ज्यादा 754 रन बनाने वाले प्लेयर बने, मयंक का रिकॉर्ड तोड़ा

दिल्ली

घरेलू टूर्नामेंट विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के बल्लेबाज 21 साल के पृथ्वी शॉ ने गुरुवार को एक रिकॉर्ड कायम कर दिया। वे एक सीजन में सबसे ज्यादा 754 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने मयंक अग्रवाल का रिकॉर्ड तोड़ा है। मयंक ने 2017-18 सीजन में 723 रन बनाए थे।
मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ ने कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में 165 रन की पारी खेलने के साथ यह उपलब्धि हासिल की। पारी के दौरान पृथ्वी ने 7 छक्के और 17 चौके भी जड़े। इसके बदौलत मुंबई ने कर्नाटक को 50 ओवर में 323 रन का टारगेट दिया।
79 बॉल पर शतक जड़ा
21 साल के पृथ्वी ने 79 बॉल में अपना शतक पूरा कर लिया था। इस दौरान उन्होंने 3 छक्के और 12 चौके लगाए थे। आखिर में उन्होंने 122 बॉल पर 165 रन बनाए। उन्हें मीडियम फास्ट बॉलर विजयकुमार व्यशक ने LBW किया। कर्नाकट के व्यशक ने सबसे ज्यादा 4 और प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट लिए।
सीजन में पृथ्वी शॉ ने 4 शतक भी लगाए
पृथ्वी ने इस सीजन में अब तक 7 मैच खेले, जिसमें 188.50 की औसत से 754 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 4 शतक भी लगाए। पृथ्वी शॉ ने 25 फरवरी को पुडुचेरी के खिलाफ नाबाद 227 रन की पारी खेली थी। वहीं, पिछले ही मैच में उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ नाबाद 185 रन बनाए थे। उनके बाद सीजन में सबसे ज्यादा रन कर्नाटक के ही देवदत्त पडिक्कल नाम दर्ज हैं। सेमीफाइनल से पहले पडिक्कल ने 695 रन बनाए।
पृथ्वी ने पिछले 3 मैच में ही मुंबई कप्तानी संभाली है। इसमें टीम को जीत मिली। साथ ही पृथ्वी ने इस दौरान एक डबल सेंचुरी और दो शतक भी लगाए हैं।
बतौर कप्तान पृथ्वी ने गंभीर का रिकॉर्ड तोड़ा
पृथ्वी बतौर कप्तान एक सीजन में सबसे ज्यादा 4 शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर कर रिकॉर्ड तोड़ा है। गंभीर ने इससे पहले 2018-19 में दो शतक लगाए थे।

Share this News...