चांडिल : नए एसपी डॉ बिमल कुमार पदभार ग्रहण करते सक्रिय, चौका थाना का किया निरीक्षण

चांडिल। सरायकेला-खरसवां जिले के नए एसपी डॉ बिमल कुमार ने कल ही शाम को पदभार ग्रहण किया है और पदभार ग्रहण करते ही सक्रिय हो गए हैं। कल शाम को जिला मुख्यालय में पदभार लेने के बाद देर रात आदित्यपुर और गम्हरिया थाने का निरीक्षण किया था। वहीं, आज रांची से लौटने के क्रम में चौका थाना का निरीक्षण कर लिया।

एसपी डॉ बिमल कुमार ने कहा कि विभिन्न थानों में पुलिस के अधिकारी व कर्मी किस प्रकार काम कर रहे हैं, कहीं कोई कमी तो नहीं, किसी थाना में किसी चीज की जरूरत तो नहीं। कहीं आवश्यकता से अधिक पदाधिकारी व कर्मी तो नहीं इसकी जानकारी थाना स्तर पर ली जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार चौका थाना पहुंचे थे। थाना पहुंचने के बाद उन्होंने विभिन्न पंजियों की जांच की और कार्यकलापों की जानकारी ली। थाना में पदस्थापित पुलिस अधिकारियों से उन्होंने परिचय लेते हुए उनकी प्रतिनियुक्ति अधिकारियों से काम से संबंधित जानकारी ली।

चांडिल बाजार में होगी ट्रैफिक पुलिस की प्रतिनियुक्ति, आम जनता के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पदाधिकारी पर करेंगे सीधी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने कहा कि जिले के विभिन्न स्थानों में शनिवार को मुहर्रम का जुलूस निकाला जाएगा। जमीनी स्तर पर पुलिस की ओर से की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए थाना स्तर पर जानकारी लिया जा रहा है। अपनी प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि जिले में विधि व्यवस्था बनाए रखने, अपराध प्रवृति वाले लोगों पर कड़ी निगाह रखते हुए उनपर लगाम लगाने के साथ जनता के साथ सौहार्द्रपूर्ण माहौल बनाना है। उन्होंने कहा कि लोग बेखौफ होकर पुलिस को अपनी समस्या बताएं, थानों में ऐसा माहौल बनाना है। ग्रामीण क्षेत्र से थाना पहुंचने वाले लोगों के साथ गलत व्यवहार करने वाले पुलिस अधिकारियों को सीधे लाईन हाजिर किया जाएगा। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निष्ठापूर्वक कर्तव्य का पालन करने को कहा। एसपी ने जिले में पुलिस के कार्यशैली में व्यापक स्तर पर बदलाव का संकेत देते हुए कहा कि जिले के पुलिस अधिकारी अपने कर्तव्य का निष्पादन निष्ठापूर्वक करें। अपने दायित्व का निर्वाहन ईमानदारी से नहीं करने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुराने आरोपी जो पहले कई घटनाओं को अंजाम दिया है, वैसे लोगों पर भी निगाह रखी जा रही है। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए चांडिल अनुमंडल के विभिन्न स्थानों में सीसीटीवी लगाने पर भी विचार करने की बात कही। एसपी ने चांडिल बाजार में यातायात नियंत्रण के लिए ट्रैफिक पुलिस की प्रतिनियुक्ति करने का भी भरोसा दिया

Share this News...