भाजपा में शामिल हुए आरसीपी सिंह:बोले- नीतीश कुमार को कुर्सी से बहुत प्रेम

पटना सीएम नीतीश के काफी करीबी रहे जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह बीजेपी में शामिल हो गए हैं। उन्हें दिल्ली के बीजेपी ऑफिस में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पार्टी की सदस्यता दिलाई। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि मेरे लिए ये गौरव और गर्व का पल है। इधर, जदयू ने कहा कि आज भाजपा में एक विभीषण शामिल हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने उन्हें शुभकामना भी दी।
आरसीपी सिंह ने कहा, नीतीश जी बोलते हैं कि देश में कोई काम नहीं हो रहा है। वो देखें आज देश कहां चला गया है और बिहार कहां खड़ा है। पहले नीतीश को क्राइम से नरफत थी। उन्हें C है और C से चेयर होता है, इसलिए कुर्सी के मोह में सारा काम कर रहे हैं। बिहार में आज 2005 से भी बुरे हालात हैं।
कई महीनों से आरसीपी सिंह के बारे में बीजेपी में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं। करीब 9 महीने बाद आरसीपी सिंह किसी पार्टी के सदस्य बने हैं। इससे पहले वह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं और केंद्र में इस्पात मंत्री रह रहे हैं।
नीतीश कुमार को सब PM कहते हैं। मैंने भी उन्हें कहा कि आप PM थे, PM हैं और PM रहेंगे। पीएम मतलब पल्टीमार। उन्होंने कितनी बार विश्वासघात किया है।
आरसीपी सिंह सीएम नीतीश के काफी करीबी रहे हैं। वह मुख्यमंत्री के ही गृह जिले नालंदा से आते हैं। आरसीपी वहां से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं। जदयू छोड़ने के बाद नालंदा में सक्रिय हैं।
आरसीपी सिंह नीतीश कुमार के साथ लगभग 24 साल तक रहे थे। जब वह केंद्रीय मंत्री बने और उन्हें तीसरी बार राज्यसभा सदस्य बनाना था तो नीतीश कुमार की पार्टी जदयू ने उन्हें राज्यसभा के लिए नहीं भेजा। इसके बाद उन्हें मंत्री पद छोड़ना पड़ा। उसके तुरंत बाद ही आरसीपी सिंह ने जदयू की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। तब से वह किसी पार्टी या दल में शामिल नहीं हुए थे।
जदयू बोली- भाजपा में एक विभीषण शामिल
आरसीपी के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि आज भाजपा में एक विभीषण शामिल हुए हैं। ऐसी भाजपा जो जातिगत जनगणना की विरोधी है। ऐसी भाजपा जो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दे रही है। ऐसे आरसीपी सिंह जो 2020 में उनका शरीर तो जदयू में था, लेकिन उनकी आत्मा पूरी तरह से भाजपाई हो गई थी। आरएसएस का बिना वस्त्र धारण किए वह भाजपा में शामिल हुए हैं।

Share this News...