संसद का बजट सेशन:राष्ट्रपति ने कहा- गणतंत्र दिवस पर हुआ तिरंगे का अपमान

नई दिल्ली29 जनवरी
संसद का बजट सत्र आज शुरू हो रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का बजट अभिभाषण हुआ। उन्होंने 26 जनवरी को लाल किले पर हुए तिरंगे के अपमान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि संविधान सभी को अभिव्यक्ति की आजादी देता है। अभिव्यक्ति का सम्मान करता है। वही संविधान सभी को कानून का पालन करने के लिए भी कहता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले साल पास हुए तीनों कृषि बिलों का कई राजनीतिक दलों ने समय-समय पर समर्थन किया था। दो दशकों से इन कानूनों की मांग हो रही थी। उन्होंने भरोसा जताया कि इन कानूनों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का सरकार पालन करेगी।

मेरी सरकार ने MSP डेढ़ गुना बढ़ाई: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान से भारतीय कृषि भी मजबूत बनेगी। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करते हुए MSP डेढ़ गुना बढ़ाई गई है। मेरी सरकार MSP पर रिकॉर्ड खरीदारी कर रही है, खरीदारी केंद्रों को भी बढ़ा रही है। पुरानी सिंचाई परियोजनाओं के साथ आधुनिक सिंचाई तकनीक को भी किसानों तक पहुंचा रही है। माइक्रो इरिगेशन से किसानों को जोड़ा जा रहा है।
गलवान के शहीदों पर देश को गर्व
LAC पर हमारे जवानों ने एकता और अखंडता को चुनौती देने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया। लद्दाख में हमारे जाबांजों ने शौर्य, संयम और पराक्रम का परिचय दिया। जून में हमारे 20 जवानों ने गलवान में देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों को त्याग दिया। पूरा देश आप पर गर्व करता है।
PM मोदी बोले- लोकतंत्र की मर्यादाओं का पालन हो
बजट सत्र से पहले संसद परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से कहा, ‘भारत के उज्जवल भविष्य के लिए यह दशक बहुत ही महत्वपूर्ण है। आजादी के दीवानों ने जो सपने देखे थे उन्हें तेज गति से पूरा करने का यह स्वर्णिम अवसर आया है। इस दशक का भरपूर उपयोग हो, इसको ध्यान में रखते हुए चर्चा हो। सभी प्रकार के विचारों का मंथन हो। लोकतंत्र की सभी मर्यादाओं का पालन करते हुए। जनआकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इसे हम आगे बढ़ाएंगे।’

Share this News...