रांची की बेटी सविता से PM मोदी ने की बात, कहा- झारखंड की बेटियां कर रहीं कमाल

रांची, 25 january झारखंड की बेटियां खेल के क्षेत्र में बड़े कमाल कर रही हैं। छोटे-छोटे गांवों से ऐसी प्रतिभाएं निकल रही हैं, जिसका लोहा पूरा विश्व मान रहा है। यह बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सविता कुमारी से संवाद करते हुए कही। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों के 32 बच्चों का चयन किया गया है। इसमें रांची जिले के सोनाहातू प्रखंड के टांगटांग गांव की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज सविता भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री से सीधे संवाद का कार्यक्रम रांची के उपायुक्त के कार्यालय से हुआ। प्रधानमंत्री से संवाद करने वाली सविता दूसरी प्रतिभागी थीं। पुरस्कार में सविता कुमारी को एक लाख नकद, प्रशस्ति पत्र व मेडल दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर भी सविता को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा है- ‘साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली झारखंड की सविता कुमारी ने अपनी लगन और प्रतिभा के बल पर तीरंदाजी में देश को गौरवान्वित किया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए उन्हें अनंत शुभकामनाएं।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवाद में सबसे पहले सविता को बधाई देते हुए पूछा कि तीरंदाजी सीखने की प्रेरणा उन्हें कहां से मिली। यह पूरे भारत को जानना चाहिए कि झारखंड के जंगल में वहां की बेटियां कैसे खेल में पराक्रम करती हैं। आपकी बात सुनकर देश के बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने पूछा कि परिवार ने इसमें तुम्हारी कैसे मदद की। सविता ने कहा कि तीरंदाजी का शौक उन्हें कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय जाने के बाद हुआ। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार की वह पहली खिलाड़ी हैं, जो खेल में हैं। लेकिन, उन्हें माता-पिता का सहयोग हमेशा मिला है।

Share this News...