कौन कर रहा है पकिस्तान में भारत के दुश्मनों का कामतमाम

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की पाकिस्तान में हत्या की खबर सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि दाऊद कराची में इलाज के लिए भर्ती था। इस दौरान उसे जहर दे दिया गया। इतना ही नहीं दाऊद के समधि और पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद समेत परिवार के अन्य सदस्यों को घर में नजरबंद किए जाने की भी खबर है। हालांकि, दाऊद की मौत हो चुकी है इस संबंध में कराची के अस्पताल या दूसरे आधिकारिक स्रोत ने बयान जारी नहीं किया है।
भले ही दाऊद की मौत की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन इससे पहले पांच दिसंबर को कराची में ही एक और कुख्यात अपराधी की मौत की खबर आई थी। जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के कराची में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी हंजला अदनान को हथियारों से लैस हमालवरों ने 2 और 3 दिसंबर की रात को उसके घर के बाहर गोली मार दी थी। इसके बाद उसे कराची के एक अस्पताल में ले जाया गया। इलाज के दौरान पांच दिसंबर को उसकी मौत हो गई।

आतंकियों को आईएसआई का संरक्षण?
दरअसल, पाकिस्तान में भारत के गुनाहगारों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत या हत्या किए जाने की खबरें बीते एक साल में लगातार आ रही हैं। इस सूची में एक दर्जन से ज्यादा आतंकवादी शामिल हैं। पाकिस्तान में भारत के कितने मोस्ट वॉन्टेड इस साल मारे गए हैं? इनकी हत्या कब और कैसे हुई? ISI के संरक्षण में छुपे बैठे इन आतंकियों को कौन मार रहा है? भारत में इन आंतकियों ने कौन से अपराध किए थे? आइये जानते हैं…
पाकिस्तान में इस साल कई आतंकियों का खात्मा

1. बशीर अहमद पीर: पाकिस्तान के रावलपिंडी में 20 फरवरी 2023 को हिजबुल मुजाहिद्दीन के शीर्ष कमांडर बशीर अहमद पीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने पीर को एक दुकान के बाहर गोली मारी। पिछले साल चार अक्तूबर को आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के चलते भारत ने उसे आतंकी घोषित किया था। वह जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने में शामिल था। वह हिजबुल, लश्कर जैसे आतंकी संगठनों को आगे बढ़ाने के लिए पूर्व आतंकियों को एकजुट करने में जुटा था।

2. खालिद रजा: 28 फरवरी 2023 को जम्मू कश्मीर में अल-बद्र नाम के आतंकी संगठन का पूर्व कमांडर खालिद रजा पाकिस्तान के कराची में ढेर हो गया। अज्ञात हथियारबंद व्यक्ति ने खालिद को उसके घर बाहर गोली मार दी थी। हिज्बुल मुजाहिद्दीन के प्रमुख सलाउद्दीन का करीबी खालिद कश्मीर में आतंकी कमांडर रह चुका था। इसके बाद वह कराची चला गया। वह कराची में रहकर आतंकियों की भर्तियों करता था।

3. सैयद नूर शालोबर: कश्मीर में आतंकवाद फैलाने वाले सैयद नूर शालोबर किए 4 मार्च 2023 को हत्या कर दी गई। भारत की वांछित आतंकियों की सूची में शामिल शालोबर को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारी थी। वह पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर कश्मीर में आतंक फैलाने का काम करता था और नए आतंकियों की फौज को प्रशिक्षण देता था।
हाफिज सईद से जुड़े आतंकी और कश्मीर में अशांति फैलाने वाले भी मरे
4. सरदार हुसैन: 1 अगस्त 2023 को हाफिज सईद से जुड़ा आतंकवादी सरदार हुसैन अरेन की कराची में हत्या कर दी गई। इसकी जिम्मेदारी सिंध में मौजूद सिंधुदेश रेवोलुसनरी आर्मी (SRA) ने ली थी। जमात-उद-दावा से जुड़े आतंकी की उसकी दुकान के नजदीक गोली मार दी गई, जिसके बाद उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हुसैन पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा और जमात-उद-दावा के मदरसा नेटवर्क को संचालित करता था।

5. अबु कासिम: भारत में वांछित आतंकवादी अबु कासिम को 8 सितंबर 2023 को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में एक मस्जिद के अंदर अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मार दी। हाफिज सईद का करीबी अबु कासिम 1 जनवरी 2023 को राजौरी जिले में ढांगरी आतंकी हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था। ढांगरी गांव में आतंकवादियों द्वारा की गई अंधाधुंध गोलीबारी में सात लोगों की मौत हो गई थी और 13 घायल हो गए थे।

6. शाहिद लतीफ: पठानकोट हमले का मास्टरमाइंड और भारत के मोस्टवांटेड आतंकी शाहिद लतीफ की 11 अक्तूबर 2023 को सियालकोट में हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने एक मस्जिद में गोली मार दी। शाहिद लतीफ को 1994 में भारत में गिरफ्तार किया गया था। लतीफ भारतीय जेल में करीब 16 साल तक बंद रहा। भारत में सजा पूरी होने के बाद 2010 में उसे पाकिस्तान भेज दिया गया था।
70मुल्ला बहौर आईएसआई एजेंट मुल्ला बाहौर उर्फ होर्मुज को बलूचिस्तान के केच इलाके में गोली मारकर हत्या करने की खबर भी 11 अक्तूबर को समाने आई। बाहौर के बारे में कहा जाता है कि उसने ही ईरान से कुलभूषण जाधव को अगवा कर आईएसआई के हवाले किया था। भारतीय नौसेना से रिटायर हुए कुलभूषण जाधव इस वक्त पाकिस्तान की जेल में हैं।

8. दाऊद मलिक: 20 अक्तूबर को उत्तरी वजीरिस्तान में मसूद अजहर का एक और करीबी आतंकी दाऊद मलिक मारा गया। ‘जैश-ए-मोहम्मद’ के अलावा दाऊद मलिक, लश्कर-ए-जब्बर और लश्कर-आई-जांगवी से भी जुड़ा हुआ था।

9. मोहम्मद सलीम: 23 अक्तूबर 2023 को दाऊद इब्राहिम का गुर्गा मोहम्मद सलीम मारा गया। कराची की दिल्ली कॉलोनी में रहने वाले सलीम की अज्ञात लोगों ने हत्या करके शव दरगाह अली शाह सखी सरमस्त के करीब ल्यारी नदी में फेंक दिया था। बाद में पुलिस ने नदी से उसका शव बरामद किया।
10. ख्वाजा शाहिद: 5 नवंबर 2023 को आतंकी ख्वाजा शाहिद पीओके में उसके घर में मृत पाया गया। साल 2018 में जम्मू में सेना के कैंप पर हमले के मास्टरमाइंड ख्वाजा शाहिद की सिर कटी लाश मिली थी। लाश मिलने से कुछ दिन पहले ख्वाजा शाहिद को अगवा किया गया था।

11. अकरम खान: 9 नवंबर 2023 को भारत में वांछित एक और आतंकी अकरम खान उर्फ अकरम गाजी की हत्या कर दी गई। अकरम को पाकिस्तान के बाजौर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी। आतंकी अकरम गाजी ने साल 2018 से 2020 तक लश्कर भर्ती सेल का नेतृत्व किया था। साथ ही वह पाकिस्तान में अपने भारत विरोधी भाषणों के लिए जाना जाता था। वह लंबे समय से आतंकी गतिविधियों में शामिल था।

Share this News...