कल से झारखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, 26 सितंबर तक बारिश की चेतावनी, वेदर अपडेट

jamshedpur पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो झारखंड में एकबार फिर मौसम बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 23 सितंबर को झारखंड के विभिन्न हिस्सों में गरज चमक के साथ झमाझम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से जारी वेदर बुलेटिन के मुताबिक, झारखंड में 26 सितंबर तक मौसम खराब रह सकता है।

मौसम विभाग की मानें तो अगले 2 से 3 दिनों के दौरान पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कच्छ क्षेत्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। हालांकि एक मानसूनी ट्रफ राजस्थान, एमपी, झारखंड से होकर बंगाल की खाड़ी तक पहुंच रही है। हालांकि उत्तरी अंडमान सागर पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की उम्मीद है। इसके प्रभाव से पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी पर भी एक कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है।

इन वेदर सिस्टम का कितना असर मैदानी इलाकों पर भी देखा जा सकता है। इस बीच मौसम विभाग ने 23 सितंबर से झारखंड में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। 23 सितंबर को झारखंड के रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, लातेहार, गढ़वा, पलामू, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सराईकेला खरसांवा, सिमडेगा, दुमका, जामताड़ा, साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरीडीह, धनबाद, बोकारो, देवघर और रामगढ़ जिलों में मौसम खराब रहेगा।

IMD ने इन जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो 25 और 26 सितंबर को सूबे में मौसम ज्यादा खराब रहेगा। दोनों ही दिन झारखंड के अलग अलग हिस्सों में गरज चमक के साथ जोरदार बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। दोनों ही दिन सूबे के अधिकांश हिस्सों में मौसम के खराब रह सकता है। यदि अगले 24 घंटे की बात करें तो राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

Share this News...