दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति का चुनाव कल टाउन हाल में , चुनाव अधिकारी ने सभी सदस्यों से की अपील- आपसी तालमेल से जमशेदपुर का गौरव बढाएं

जमशेदपुर,9 सितंबर संवाददाता दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति का चुनाव कल टाउन हाल , सिदगोड़ा में शाम 5.30 बजे से होगा। इस समिति में अध्यक्ष पद के चुनाव की परंपरा है। निर्वाचित अध्यक्ष 10 पदाधिकारियों का एक पैनल तैयार करते हैं जिनमें सचिव, कोषाध्यक्ष और कार्यकारिणी सदस्य होते हैं। इस बार अध्यक्ष पद के लिये दो पक्ष सामने हैं। एक पक्ष का नेतृत्व अचिंतम गुप्ता उर्फ ओप्पू दा कर रहे हैं जबकि दूसरे पक्ष के उम्मीदवार कपिल हुई हैं। दोनो अध्यक्ष उम्मीदवारों में अध्यक्ष सहित 11 पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों का पैनल चुनाव अधिकारी को समर्पित कर दिया है। चुनाव की प्रक्रिया गुप्त मतदान द्वारा पूरी कराई जाएगी। इस समिति में 324 दुर्गा पूजा समितियां सदस्य हैं। हर समिति को एक मत का अधिकार है।
उपर्युक्त चुनाव का निर्णय विगत 6 सितंबर को अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम के कक्ष में दोनो पक्षों के बीच हुई सहमति के बाद लिया गया। चुनाव की प्रक्रिया पर भी दोनो पक्षों ने अपनी सहमति व्यक्त की। दोनो पक्षों की ओर से निर्विवाद चुनाव अधिकारी के रुप में ब्रज भूषण सिंह, न्यू इस्पात मेल के संपादक नियुक्त किये गये हैं। चुनाव टाउन हॉल में होगा। चुनाव के लिये पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी। हलांकि दोनो पक्षों ने शांतिपूर्ण ढंग से तय प्रक्रियाओं का पालन करते हुए चुनाव को चुनाव अधिकारी के नेतृत्व में संपन्न कराने का भरोसा दिया है। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद और उसके पैनल की घोषणा कर दी जाएगी। यह संस्था सौ साल पुरानी है। इसकी स्थापना 1923 में की गई थी। चुनाव अधिकारी ने सभी सदस्यों से अपील की है कि इसकी गरिमा का ध्यान रखते हुए एक मजबूत संस्था गठन हेतु सहयोग करें और आपसी तालमेल से जमशेदपुर का गौरव बढाएं।

Share this News...