चांडिल : 709 वैन को स्कोर्पियो ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, स्कोर्पियो चालक सहित तीन की हालत गंभीर

चांडिल। थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा में भयंकर सड़क दुर्घटना घटी है। बताया जा रहा है कि कांदरबेड़ा रघुनाथ मुर्मू चौक के समीप एक मालवाहक वाहन 709 वैन को एक ब्लैक रंग के स्कोर्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी है, जिससे स्कोर्पियो में सवार चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि स्कोर्पियो चालक की स्थिति नाजुक है, वह किसी बड़े भाजपा नेता का बेटा बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार ब्लैक रंग की स्कोर्पियो पूड़ीसिली की ओर से कांदरबेड़ा मोड़ क्रॉस करके पारडीह की ओर जा रही थी कि इसी दौरान एक 709 वैन को पीछे से टक्कर मार दी, टक्कर मारने के बाद स्कोर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक ट्रैलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में स्कोर्पियो के परखच्चे उड़ गए हैं। जबकि दुर्घनाग्रस्त 709 वैन भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। वैन में पशु आहार लोड है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कोर्पियो की गति काफी तेज थी। स्कोर्पियो में चालक सहित तीन लोग सवार थे, जिसमें से दो युवक एवं एक युवती थी।

बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद स्कोर्पियो के पीछे बैठा हुआ एक युवक तथा सामने बैठी युवती घायल होकर बेहोश हो गया। जबकि चालक वाहन के अंदर ही फंस गया था, उसे काफी मशक्कत करके बाहर निकाला गया। वाहन चालक किसी बड़े भाजपा नेता का बेटा बताया जा रहा है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही हैं। दुर्घटना में घायल हुए तीनों को इलाज के लिए जमशेदपुर ले जाया गया। तीनों घायल को जमशेदपुर टीएमएच में भर्ती कराया गया है।

इधर, दुर्घटना की सूचना पर चांडिल थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली। उन्होंने दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इस दौरान थाना प्रभारी दिनेश ठाकुर ने सड़क के ऊपर खड़ी वाहनों को हटाने का आदेश दिया। सड़क के ऊपर वाहन खड़ी करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई।

Share this News...