ईचागढ़ विस: संकल्प यात्रा में बाबूलाल का हेमंत सरकार पर हमला पर वार, बताया लुटेरों की सरकार

चांडिल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी संकल्प यात्रा को लेकर राज्य के भ्रमण पर हैं। बाबूलाल झारखंड में चल रही महागठबंधन की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार (27 अक्टूबर) को सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के टीकर हाई स्कूल मैदान में आयोजित संकल्प यात्रा की जनसभा में हेमंत सरकार पर जमकर हमला किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार पिछले पौने 4 साल से सिर्फ बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती रही है। इन्होंने चुनावी घोषणा पत्र में ही नहीं बल्कि विधानसभा में भी युवाओं को रोजगार देने, कानून व्यवस्था सुधारने सहित विकास कार्यों के कई दावे किए। किसी भी बातों का अनुपालन नहीं किया। जनता को ठगने का काम किया है। कहा कि झारखंड की जनता को दिग्भ्रमित कर सत्ता हासिल की है। कहा कि लोगों के जीवन को दूभर करने वाली इस सरकार को झारखंड से उखाड़ फेंकना है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की सुशासन वाली सरकार बनानी है।

मुख्यमंत्री हेमंत पर हमलावर बाबूलाल

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर लगातार हमलावर बाबूलाल यहां भी जमकर बरसे। उनकी तल्खियां एकाबर फिर राज्य के कानून इंतजमात पर दिखी और सवाल उठाया कि कानून का राज खत्म हो गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बेधड़क माफिया बालू, लोहा,कोयला, पत्थर तस्करी कर लूट मचाए हुए हैं। बाबूलाल ने शिबू सोरेन के परिवार को भी घेरा और कहा कि रांची से लेकर संथाल परगना तक सबसे ज्यादा जमीन इसी परिवार की है।

अटल सरकार की देन है झारखंड

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपानीत एनडीए सरकार की देन है झारखंड। यहां आदिवासी-मूलवासियों के विकास के लिए अलग राज्य बनाया गया था, लेकिन आज सत्ता में बैठे लोग खुद की तिजोरी भरने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस-प्रशासन लोगों को लूटने में लगा है। बिना पैसे के कोई काम कहीं नहीं हो रहा है। आज अपराधी बेलगाम हैं। राज्य में रोज हत्या, अपहरण, डकैती की घटनाएं हो रही। अधिकारियों का काम अब केवल वसूली करना रह गया है।

मोदी सरकार की तारीफ

झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल ने केंद्र की मोदी सरकार की तारीफ की और बताया कि गरीबों की जिंदगी भाजपा सरकार ने बदली है। मां और बहनों की तकलीफ मोदी सरकार ने ही समझा है। उन्होंने पीएम नरेन्द्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री ने जो कहा वह करके दिखा दिया। गरीबों को जनधन खाता खुलवाकर उनकी जिंदगी आसान बनाई। हर गरीब को पांच किलो अनाज दिया ताकि कोई भूखा न रहे। अच्छा स्वास्थ्य मिले इसे लेकर आय़ुष्मान भारत कार्ड बनाकर चिकित्सा सुविधा दी। इसके साथ ही कम कीमत पर दवा मिले, इसे लेकर जनऔषधि केन्द्र खोला। उज्जवला योजना के तहत महिलाओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया।

अपराध मुक्त बनाएंगे झारखंड

झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आने वाले दिनों में राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो इन सभी विषयों को चार्ज करवाया जायेगा। दोषियों की जगह जेल के अंदर होगी। ओर अपराधमुक्त झारखंड बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार से जब झारखंड बना तो गांव में सड़क, पुल, पुलिया नहीं हुआ करती थी। राज्य की बुनियादी ढांचा को भाजपा ने ही विकसित किया। गांव-गांव में रास्ता से लेकर पुल-लिया तक का निर्माण करवाया, लेकिन इस सरकार में कुछ नहीं हो रहा है।

कार्यक्रम में ये भाजपा नेता थे मौजूद

संकल्प यात्रा कार्यक्रम को रांची के भाजपा सांसद संजय सेठ ने भी संबोधित किया और राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने भी जमकर कोसा ओर केंद्र सरकार की योजनाओं की तारीफ की। मौक़े पर भाजपा जिलाध्यक्ष विजय महतो, गणेश महली, पूर्व विधायक स्व साधु चरण महतो की धर्मपत्नी सारथी महतो, कुलवंत सिंह बंटी,रमेश हांसदा, विनोद सिंह, विनोद राय,तरु सिंह मुंडा, अनिता पारित, ठाकुर दास महतो,मनोज महतो, दिवाकर सिंह,विशाल चौधरी,मधु गोराई, सचिदानंद महतो सहित कई भाजपा नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share this News...