अमर बाउरी बने बीजेपी भाजपा विधायक दल के नेता, जयप्रकाश भाई पटेल होंगे सचेतक

रांची,15 अक्तूबर : भाजपा आलाकमान ने चंदनक्यारी (सुरक्षित) के विधायक अमर बाउरी को विधायक दल का नया नेता बनाया है। रविवार को इस आशय की घोषणा की गई। बाउरी 2014 में झारखंड विकास मोर्चा के टिकट पर चंदनक्यारी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार निर्वाचित हुए थे। जल्द ही वे भाजपा में शामिल हो गए। वे मुख्यमंत्री रघुवर दास के शासनकाल में भूमि सुधार एवं राजस्व विभाग और पर्यटन विभाग के मंत्री पद पर रहे। वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। यह पहला अवसर है जब किसी दलित नेता को यह जिम्मवारी बीजेपी ने दी है। बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और रघुवर दास इस जिम्मादारी को निभा चुके हैं।
बता दें कि पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे इस मुद्दे पर रायशुमारी के लिये रांची आये थे और पार्टी के विधायकों से मिले थेष। लेकिन उक्त बैठक में जे पी पटेल के नाम पर सहमति नहीं बन पाई थी। कई विधायकों ने जे पी पटेल के नाम पर आपत्ति जताई।
पूर्व मुख्य मंत्री बाबूलाल मरांडी को झाविमो से भाजपा में शामिल कराये जाने के बाद उनको पहले विधायक दल का नेता बनाया गया था ेलकिन उनकी सदस्यता का मामला अभी भी विधान सभा अध्यक्ष के पास लंबित होने के कारण उनको विधायक दल केनेता पद का दर्जा नहीं मिल पाया। लंबे इंतजार के बाद भी कोई समाधान नहीं निकलने पर उनको पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया।
बाबूलाल मरांडी को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही इस पद पर मनोनयन की प्रक्रिया चल रही थी। पूर्व में पार्टी विधायकों संग प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने इस संबंध में सलाह-मशविरा किया था। अमर बाउरी के चयन से इस पद के लिए चल रही अटकलें खत्म हो गई है।
नेता प्रतिपक्ष की मिलेगी मान्यता
झारखंड विधानसभा में भाजपा सबसे बड़ा विपक्षी दल है। ऐसे में पार्टी विधायक दल का नेता होने के नाते अमर बाउरी को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का दर्जा मिलेगा। उल्लेखनीय है कि तकनीकी पेंच के कारण पूर्व में चयनित भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा नहीं मिल पाया था। विधानसभा अध्यक्ष के न्यायाधिकरण में मरांडी के विरुद्ध दल-बदल के आरोपों में सुनवाई पूरी हो चुकी है। अमर बाउरी को नेता प्रतिपक्ष का दर्जा मिलने में कोई तकनीकी अड़चन नहीं है। विधानसभा सचिवालय को इस संबंध में आधिकारिक जानकारी दिए जाने के बाद अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
मांडू के भाजपा विधायक जयप्रकाश भाई पटेल विधानसभा में भाजपा विधायक दल के सचेतक होंगे। वे पूर्व में पार्टी विधायक दल के नेता पद की होड़ में आगे चल रहे थे। हालांकि, पार्टी के विधायकों संग विचार-विमर्श में उनके नाम पर सहमति नहीं बन पाई। ऐसे में उन्हें सचेतक बनाने का फैसला किया गया। बोकारो के विधायक बिरंची नारायण विधानसभा में मुख्य विरोधी दल भाजपा के मुख्य सचेतक हैं।

Share this News...