आमतौर पर आपने अस्पतालों में जुड़वा बच्चों के जन्म की खबर सुनी होगी, लेकिन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां के कैलाशनाथ काटजू अस्पताल में एक महिला ने एक साथ दो या तीन नहीं, बल्कि चार बच्चों को जन्म दिया है।
इससे भी बड़ी हैरानी की बात ये है कि महिला की डिलीवरी गर्भावस्था के सातवें महीने में ही ऑपरेशन के जरिए कराई गई। ये अस्पताल के इतिहास में पहली बार हुआ है जब किसी महिला ने प्रेगनेंसी के सातवें महीने में एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया हो।
महिला ने एक साथ दिया 4 बच्चों को जन्म
डॉक्टरों के अनुसार, सभी बच्चों का जन्म सिजेरियन ऑपरेशन से हुआ है। इनमें दो लड़कियां और दो लड़के शामिल हैं। डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन इसलिए करना पड़ा क्योंकि महिला को तेजी से लेबर पेन होने लगा। चार बच्चों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें वार्मर रूम में रखा गया है।
नवजात शिशुओं की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि सभी नवजातों का वजन 800 ग्राम से 1 किलोग्राम के बीच है, जो सामान्य वजन से काफी कम है। फिलहाल चारों बच्चे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं। आजकल तीन बच्चों को एक साथ जन्म देना आम हो गया है, लेकिन चार बच्चों का एक साथ जन्म लेना मेडिकल दृष्टिकोण से एक जटिल स्थिति मानी जाती है।
सांतवे महीने में डिलवरी
जानकारी के अनुसार, महिला की पहली अल्ट्रासाउंड जांच के दौरान ही ये स्पष्ट हो गया था कि उसके गर्भ में चार बच्चे पल रहे हैं। सातवें महीने में लीवर पेन शुरू होने पर महिला को तुरंत अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का फैसला लिया।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
आपको ये बता दें कि इस तरह की घटना पहले भी हो चुकी है। साल 2020 में मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में एक महिला ने एक साथ छह बच्चों को जन्म दिया था, जिनमें चार बेटे और दो बेटियां थीं। हालांकि, उनमें से दो नवजातों की जन्म के तुरंत बाद मौत हो गई थी।