टाटानगर को दो और बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का तोहफा मिलने जा रहा है ।अप्रैल महीने से टाटानगर से बनारस और बिलासपुर के लिए वंदे भारत ट्रेन चलेगी। इन दोनों ट्रेनों के लिए सर्वे का काम पूरा हो गया है। टाटानगर से बनारस के लिए बंदे भारत एक्सप्रेस के सर्वे का काम करीब साल भर पहले पूरा हो चुका था। इस ट्रेन के लिए समय सारणी भी तैयार कर ली गई थी मगर उस समय वंदे भारत के लिए टाटानगर स्टेशन पर वॉशिंग लाइन नहीं होने की वजह से जैसा कि बताया जाता है कि उक्त ट्रेन को रांची शिफ्ट कर दिया गया था। उसके बाद से ही लगातार टाटा से बनारस के लिए बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की मांग की जा रही थी। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टाटानगर स्टेशन पर दो बंदे भारत टाटा पटना और टाटा बरहमपुर का शुभारंभ ऑनलाइन किया था। इन दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने वे टाटानगर स्टेशन आने वाले थे मगर भारी बारिश की वजह से उनका कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था और रांची से ही उन्होंने इन दोनों ट्रेनों को वर्चुअल हरी झंडी दिखाई थी। टाटानगर स्टेशन को अब तक चार बंदे भारत ट्रेन मिली हुई है। रांची हावड़ा और राउरकेला हावड़ा वंदे भारत टाटानगर स्टेशन से होकर गुजर रही है ।अब टाटा बनारस और टाटा बिलासपुर वंदे भारत के शुरू होने से टाटानगर स्टेशन को 6 बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का तोहफा मिल जाएगा। अभी यह तय नहीं हुआ है कि टाटा बनारस बंदे भारत एक्सप्रेस किस रूट से चलेगी। टाटा पटना और रांची बनारस बंदे भारत एक्सप्रेस गया होकर गुजरती है। अब देखना है कि टाटा बनारस एक्सप्रेस ट्रेन को किस रूट से भेजा जाता है। वैसे माना जा रहा है कि यह ट्रेन भी गोमो और गया होकर ही बनारस जाएगी।
हाल ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने झारखंड की रेल परियोजनाओं के बारे में पत्रकारों से बात करते हुए इस बात के संकेत दिए थे कि जल्द ही टाटा बनारस टाटा बिलासपुर बंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेंगी। चमकता आईना ने इस आशय की खबर भी प्रकाशित की थी।