रविंद्र राय बनाए गए भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष

पूर्व सांसद रविंद्र राय भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं ।राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इसकी सूचना जारी की है।रविंद्र राय इसके पहले भी झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं।माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी ने सामान्य वर्ग और खासकर भूमिहार जाति को साधने के उद्देश्य से ठीक चुनाव के पूर्व यह कदम उठाया है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा झारखंड प्रदेश में अब तक प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के पदों को सामान्य जाति और आदिवासियों के बीच ही बराबर बराबर रूप से बांटा जाता रहा है लेकिन यह पहला अवसर है जब सामान्य जाति के किसी पदाधिकारी को ना तो नेता प्रतिपक्ष और ना ही प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इस समय आदिवासी नेता बाबूलाल मरांडी प्रदेश अध्यक्ष और अनुसूचित जाति के अमर बाउरी नेता प्रतिपक्ष के पद पर हैं। सामान्य वर्ग भारतीय जनता पार्टी का हमेशा से कोर वोटर माना जाता रहा है । हाल ही यह खबर आ रही थी कि टिकट नहीं दिए जाने के कारण रविंद्र राय नाराज चल रहे थे ।रविंद्र राय का टिकट काटकर साल 2019 में कोडरमा लोक सभा सीट से से अन्नपूर्णा देवी को टिकट दिया गया था उसे समय रविंद्र राय कोडरमा के सांसद थे। झारखंड की कई ऐसी सीटे हैं जहां सामान्य वर्ग और खासकर भूमिहार जाति का निर्णायक प्रभाव है। माना जा रहा है इन्हीं सारी बातों को ध्यान में रखते हुए ठीक विधानसभा चुनाव के पहले यह फैसलाभारतीय जनता पार्टी नेतृत्व की ओर से लिया गया है।

Share this News...