आज भाजपा में नेताओं के इर्द गिर्द घूम रहा है संगठन- सतीश सिंह

जमशेदपुर 1 अगस्त

नरेंद्र मोदी यूथ ब्रिगेड के संयोजक सतीश सिंह ने आज के राजनीतिक परिपेक्ष में कहना है कि, आज की झारखंड बीजेपी संगठन से दूर हो गई है । पहले भाजपा में संगठन का चलता था। कार्यकर्ताओं की बात संगठन और सरकार से जुड़े लोग सुनने के लिए बाध्य होते थे। इसी कारण भाजपा कार्यकर्ताओं ने लंबी लड़ाई लडक़र सत्ता हासिल की । किंतु आज भाजपा में नेताओं का चल रहा है, संगठन नेताओं के इर्द-गिर्द घूम रहा है। दूसरे दल से आने वाले नेताओं को संगठन में ज्यादा तवज्जो दी जा रही है। कार्यकर्ता ठगा हुआ महसूस करता है। लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की अनदेखी और नेताओं की मनमर्जी देखने लायक थी। कार्यकर्ताओं को कोई पूछ नहीं रहा था और नेता व्यवस्था लुूटने के लिए परेशान हो रहे थे। संगठन दो-तीन नेताओं के इर्द-गिर्द घूम रहा था । नतीजतन भाजपा पांचों आदिवासी सीट हार गई । श्री सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हुई दुर्दशा देखने के बाद भी संगठन उन्हीं नेताओं का सम्मान कार्यक्रम करवा रही है। जिनसे समर्पित कार्यकर्ता को और दुख पहुंच रहा है। ऐसी स्थिति में झारखंड विधानसभा चुनाव में भाजपा 20 सीट का आंकड़ा भी नहीं पर कर पाएगी। जमशेदपुर पूर्वी में पिछले 25 सालों से बस्ती विकास समिति के द्वारा भाजपा का डमी संगठन चलाया जा रहा है। बस्ती विकास समिति के नेताओं को भाजपा के नेताओं से ज्यादा सुना जाता रहा है। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में होने वाला आक्रोश का दंश 2019 के विधानसभा चुनाव में दिखा। भाजपा का किला माना जाने वाले जमशेदपुर पूर्वी सहित कोल्हान में भाजपा को एक सीट नहीं मिली। मुख्यमंत्री भी चुनाव हार गए। अगर भाजपा पुन: अपनी पकड़ बनाना चाहती है तो सबसे पहले पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देना एवं संगठन पर नेताओं के पकड़ को ढीली करना जरूरी होगा। संगठन को पर्याप्त शक्ति देनी होगी जिला से लेकर प्रदेश के प्रभारी को बदलना होगा। तभी हो सकता है कि भाजपा सरकार बनाने में सफल हो जाए।

Share this News...