ईचागढ़ भाजपा में अंतर्कलह, पार्टी छोड़ने की तैयारी में विधानसभा के अधिकांश कार्यकर्ता

ईचागढ़ विधानसभा में भाजपा इन दिनों अंतर्कलह का शिकार हो चुका है। पार्टी के अंदर गुटबाजी चरम पर है। वहीं, प्रदेश संगठन तथा जिला समिति द्वारा हाल ही में लिए गए कुछ निर्णय से अब ईचागढ़ विधानसभा के अधिकांश कार्यकर्ताओं के मन में नाराजगी है। बताया जा रहा है कि आगामी कुछ दिन में सरायकेला खरसावां जिले के एक नेता को पार्टी में शामिल कराया जाएगा और उन्हें ईचागढ़ विधानसभा से टिकट देने की चर्चा है। उक्त नेता को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की स्वीकृति प्रदेश समिति तथा जिला समिति द्वारा दी जा चुकी है। सदस्यता ग्रहण करवाने की स्वीकृति देने से पूर्व ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं की राय नहीं ली गई है। इसके चलते ईचागढ़ भाजपा के कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। बताया जा रहा है कि जिले के जिस नेता को पार्टी को शामिल कराया जाएगा, उन्हें ही आगामी विधानसभा का टिकट भी दिया जाएगा जो ईचागढ़ विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे।
इधर, ईचागढ़ भाजपा के सात मंडल कमिटी के सदस्यों ने आज शनिवार को एक गुप्त बैठक की और पार्टी में किसी भी प्रत्याशी को शामिल कराने को लेकर विरोध जताया गया। ईचागढ़ विधानसभा में बीते 12 – 14 साल से पार्टी का झंडा ढोने वाले तथा संगठन की मजबूती के लिए काम कर रहे भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय प्रत्याशी को ही आगामी विधानसभा चुनाव का टिकट देना होगा, अन्यथा 90 प्रतिशत कार्यकर्ता पार्टी से इस्तीफा देंगे और विरोध जताएंगे। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जिस व्यक्ति द्वारा विगत 14 – 15 साल से भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई और झूठे मुकदमों में फंसाया गया, उस व्यक्ति को अपने पार्टी का नेता कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ईचागढ़ भाजपा के एक नेता ने बताया कि प्रदेश समिति तथा जिला समिति को भी ईचागढ़ भाजपा कार्यकर्ताओं के नाराजगी का कारण पता है। पार्टी आलाकमान को ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य से अवगत कराया जा चुका है, इसके बावजूद यदि किसी ऐसे व्यक्ति को पार्टी की सदस्यता दिलाई जाएगी तो निश्चित रूप कार्यकर्ता इस्तीफा देंगे।

Share this News...