अमेठी
कांग्रेस के गढ़ में ने जगदीशपुर के हरिमऊ में जनसभा को संबोधित किया। मंच से राहुल ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा।
ढाई साल बाद कांग्रेस के गढ़ में राहुल गांधी ने जगदीशपुर के हरिमऊ में जनसभा को संबोधित किया। मंच से राहुल ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा हिंदुत्ववादी गंगा में अकेले स्नान करता है और हिंदू करोड़ों लोगों के साथ स्नान करता है। आज एक तरफ हिंदू खड़े हैं, जो सच्चाई फैलाते हैं। दूसरी तरफ हिंदुत्ववादी खड़े हैं, जो नफरत फैला रहे हैं’।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि पीएम मोदी ने केवल अकेले गंगा में स्नान किया। योगी को भी हटा दिया, राजनाथ सिंह को भी फेंक दिया। आजकल देश में हिंदू धर्म की बात हों रही हैं। हिंदू क्या होता है? क्या हिंदू झूठा होता है? मैं बताता हूं। वो व्यक्ति जो सच्चाई के सामने पूरा जीवन जीता है वो हिंदू है। जिसमें नफरत, क्रोध, हिंसा न हो वो हिंदू है।
कायर था नाथूराम गोडसे
राहुल ने कहा उदाहरण के तौर पर महात्मा गांधी हिंदू हैं। ‘My experiment with truth’ उन्होंने यह किताब लिखी। दूसरी तरफ नाथूराम गोडसे वो हिंदूवादी था। उसे किसी ने महात्मा नहीं कहा। क्यों? इसलिए कि उसने सच बोलने वाले हिंदू की छाती में तीन गोली मारी। क्योंकि वो कायर था।
राहुल गांधी ने कहा कि प्रियंका ने हमारा आपका जो रिश्ता है, उसके बारे में बताया। हम पिता के साथ यहां आते थे। यहां आज पक्की सड़कें हैं। कांग्रेस ने यहां सड़कों का जाल नेशनल हाईवे बनाया। लेकिन पहले यहां बारिश में पानी में होकर पापा के साथ जाते थे। हमारा आपका यह रिश्ता झूठ का नहीं सच्चाई का रिश्ता है। यहां जब मैं एमपी था, जबरदस्त विकास किया। पूरे हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा नेशनल हाईवे अमेठी से निकलते हैं। एचएल ट्रिपल आईटी यह सब हमने करके दिया। पीएम यहां आए और आपसे झूठे वादे किए कि एके-203 की फैक्ट्री दिया। झूठ कह गए। आप भी जानते हैं कांग्रेस ने दिया।
राहुल ने कहा कि देश के सामने दो सवाल हैं। पहला बेरोजगारी और दूसरा महंगाई। जब इस पर सवाल किया जाता है तो प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री जवाब नहीं देते हैं। ये नहीं बताते कि रोजगार क्यों नहीं मिल रहा है। पीएम मोदी इसका जवाब नहीं देंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी तीन काले कानून लाए। पहले कहा कि कानून किसानों के हित में हैं। एक साल किसान धरने पर रहा। अब कह रहे माफी मांग रहा गलती हुई। लोकसभा में कहा एक भी किसान नहीं मरा है। हमने पंजाब में 400 किसानों की मदद की। नोटबंदी और जीएसटी का फायदा किसानों को, दुकानदारों को नहीं मिला।
जनसभा में भीड़ देखकर राहुल ने कहा कि अमेठी में आज भी हर गली वैसी ही है। सिर्फ जनता की आंखों में अब सरकार के लिए आक्रोश है। दिलों में आज भी पहले सी जगह है। आज भी एक हैं हम, अन्याय के खिलाफ!।
हमने कुछ दिन पहले राजस्थान में कहा कि हिंदू पूरी जिंदगी सच्चाई के लिए लड़ने में लगा देता है, वो अपने धर्म को हिंसा में कभी नहीं बदलने देता। हिंदुत्ववादी को सच्चाई से कुछ लेना-देना नहीं होता। वो केवल झूठ बोलकर सत्ता छीनता है।
आज लद्दाख में चीन की सेना, हिंदुस्तान के अंदर बैठी हुई है। दिल्ली जितनी जमीन हिंदुस्तान से छीनकर अपनी बना ली, लेकिन पीएम ने कुछ न बोला, न कुछ किया। जब उनसे पूछा गया कि चीन ने क्या जमीन ली है, उन्होंने कहा कि कोई जमीन नहीं ली। जबकि बाद में रक्षा मंत्रालय ने माना कि चीन ने हमारी जमीन ली। ये सच्चाई है जो छिप नहीं सकता।
अमेठी से मेरा पारिवारिक रिश्ता
जगदीशपुर के रामलीला ग्राउंड से 6 किमी की पद यात्रा करके हरिमऊ में पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अमेठी से अपने पारिवारिक रिश्तों की दुहाई देते हुए अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि मैं 13 साल की थी, पिता के साथ आई थी। जीप में बैठकर जाती थी, आपसे बात करती थी। अब कुछ ही दिनों में 50 साल की होने वाली हूं। आपने भी रिश्ता निभाया और मैंने भी।
कोरोना के समय अमेठी की सांसद कहां थीं
प्रियंका ने आगे कहा कि मुझे कोई शिकवा नहीं, परिस्थितियां बनी आप भी सीखे हम भी। पिछले चुनाव में यहां एक झूठ का जाल फैलाया गया। किसने फैलाया? उन्होंनें जो साढ़े सात सालों से फैला रहे। इसके बाद सीएम योगी पर तंज कसा कहा कि ढाई सालों में क्या हुआ? सबसे पहले कोरोना की पहली लहर आई। अमेठी के लोग प्रदेश में फंसे थे। अमेठी रायबरेली के लोगों के फोन आते थे। तब लोग रोकर कहते थे घर पहुंचा दें। अमेठी की सांसद को आड़े हाथों लेकर कहा कहां थीं आपकी सांसद? बीजेपी कहां थी।