जमशेदपुर में सख्ती: सड़कों पर भी दिखा सन्नाटा,आने-जाने वालों से ई-पास की जांच


जमशेदपुर
कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए जमशेदपुर में चल रहे लॉकडाउन (स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह) में रविवार से सख्ती बढ़ा दी गई। जगह-जगह पर पुलिस ने जांच अभियान चलाया। एसएसपी डॉ. एम तमिल वाणन ने चेकनाका पर जांच की। कई लोग बिना ई-पास के घूमते पकड़े गए। इनसे पुलिस ने जुर्माना वसूला। इधर, बाजारों में आज पहले की तुलना में काफी कम भीड़ रही। सख्ती का असर सबसे ज्यादा सड़कों पर दिखा। जबकि हर चौक-चौराहे पर पुलिस तैनात रही। बेवजह घूमने वालों को पुलिस ने फटकार भी लगाई।
इधर, 2 बजे के बाद शहर की लगभग सभी दुकानें बंद कर दी गई। कहीं-कहीं दुकानें खुली रहीं। इन्हें पुलिस ने बंद कराया। सड़कों पर भी 2 बजे के बाद सन्नाटा दिखा। इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर घूमते दिखे। साकची गोलचक्कर, मानगो गोलचक्कर, किनन स्टेडियम, पुराना कोर्ट गोल चक्कर समेत अन्य जगहों पर पुलिस ने सख्ती से जांच की। हर आने-जाने वालों से ई-पास की जांच की जा रही थी।

Share this News...