कोरोना को लेकर राहत भरी खबर:देश में पिछले 6 दिनों में पॉजिटिविटी रेट में 5.6% की गिरावट; रोजाना केस भी 11% तक घटे


नई दिल्ली
देश में कोरोना के मामले घटने लगे हैं। रोजाना केस के साथ पॉजिटिविटी रेट में भी कमी देखी जा रही है। पिछले 6 दिनों में पॉजिटिविटी रेट में 5.6% की गिरावट दर्ज की गई। 9 मई को पॉजिटिविटी रेट 24.9% थी। यानी हर 100 टेस्ट में करीब 25 लोगों में कोरोना की पुष्टि हो रही थी। यह आंकड़ा 14 मई को घटकर 19.3% रह गया। यानी अब हर 100 टेस्ट में 19 या 20 संक्रमित ही मिल रहे हैं। वहीं, रोजाना केसों में भी 11% तक की कमी देखी गई। 9 मई को देश में 3.66 लाख संक्रमित मिले थे, यह आंकड़ा 14 मई को 40 हजार घटकर 3.26 लाख पर आ गया।
बीते दिन 3,876 मौतें; 3.52 लाख लोग ठीक हुए
पिछले 24 घंटे में 3 लाख 26 हजार 14 मामले सामने आए और 3,876 लोगों की मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि इस दौरान 3 लाख 52 हजार 850 लोगों ने कोरोना को मात दी। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 30,754 की गिरावट दर्ज की गई। यह इस साल एक्टिव केस में आंकड़ों में सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले 10 मई को इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 30,490 की कमी हुई थी।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 3.26 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,876
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.52 लाख
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.43 करोड़
अब तक ठीक हुए: 2.04 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.66 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 36.69 लाख

दिल्ली में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बैंक शुरू
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि हमने शनिवार से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बैंक शुरू कर दिया है। हमने दिल्ली के हर जिले में 200-200 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर का बैंक बनाया है। ऐसे मरीज जो होम आइसोलेशन में हैं, अगर उन्हें ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है तो हमारी टीम दो घंटे में उनके घर ऑक्सीजन कंसंट्रेटर पहुंचा देगी।
उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को कोरोना है, लेकिन वो किसी वजह से हमारे होम आइसोलेशन का हिस्सा नहीं है, तो वो 1031 पर फोन कर होम आइसोलेशन का हिस्सा बन सकते हैं और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की मांग कर सकते हैं। हमारे डॉक्टर की टीम ये सुनिश्चित करेगी कि ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की जरूरत है या नहीं।

Share this News...