बंगाल में वोटिंग से पहले ममता बनर्जी का बड़ा दांव: विपक्षी दलों को चिट्‌ठी लिखी, कहा- लोकतंत्र बचाने के लिए मिलकर लड़ने का वक्त आ गया


कोलकाता
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में दूसरे फेज की वोटिंग से पहले बड़ा दांव चला है। उन्होंने सभी BJP विरोधी दलों को चिट्‌ठी लिखकर एकजुट होने की अपील की है। चिट्‌ठी में ममता ने लिखा है कि मुझे लगता है कि अब वह समय आ गया है, जब हमें लोकतंत्र बचाने के लिए BJP के खिलाफ इकट्‌ठा हो जाना चाहिए।
जिन दलों को ममता ने चिट्‌ठी लिखी है, उनमें कांग्रेस (सोनिया गांधी), NCP (शरद पवार), DMK (एमके स्टालिन), RJD (तेजस्वी यादव), शिवसेना (उद्धव ठाकरे), आम आदमी पार्टी (अरविंद केजरीवाल), BJD (नवीन पटनायक) और YSR कांग्रेस (जगन रेड्‌डी) शामिल हैं।
ममता ने चिट्‌ठी में लिखा है कि मैं ये चिट्‌ठी उन सभी पार्टियों को लिख रही हूं, जो BJP के खिलाफ हैं। मैं इस बात को लेकर चिंतित हूं कि BJP की केंद्र सरकार लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश कर रही है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण दिल्ली सरकार के खिलाफ पास NCT बिल है। जो दोनों सदनों से पास हो गया। केंद्र सरकार ने एक चुनी हुई सरकार की ताकत छीनकर उपराज्यपाल को दे दी है।
ममता ने चिट्‌ठी में लिखा है कि आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने दो बार दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराया है। जब BJP लोकतांत्रिक तरीके से नहीं जीत सकी तो उसने उपराज्यपाल के जरिए शासन करने का तरीका ढूंढ निकाला।

शाह और BSF के DG का इस्तीफा मांगा
ममता बनर्जी के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि अमित शाह अपने भाषणों में हमेशा घुसपैठिया शब्द का इस्तेमाल करते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है। बॉर्डर की सुरक्षा करने की जिम्मेदारी BSF की है और वह अमित शाह के मंत्रालय के तहत आती है। यदि इसके बाद भी घुसपैठ हो रही है तो शाह और BSF के DG को इस्तीफा दे देना चाहिए।

ममता की चिट्‌ठी के मुख्य बिंदु

जिन राज्यों में भाजपा की सरकार नहीं है, वहां राज्यपाल BJP के कार्यकर्ताओं की तरह काम करते हैं।
उन राज्यों में नेताओं के खिलाफ ED, CBI और दूसरी जांच एजेंसियों को लगाया जाता है।
गैर भाजपा शासित राज्यों को केंद्र सरकार पैसे देने में आनाकानी करती है।
मोदी सरकार सभी सरकारी संपत्तियों को बेचना चाहती है। ये लोगों के साथ धोखा है।

Share this News...