MGM -मरीज की मौत के बाद डॉक्टर को मारने के लिए महिला ने उठाया चप्पल

जमशेदपुर 3 FEBRUARY एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाजरत एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने बुधवार की दोपहर जमकर बवाल काटा। डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन देने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने करीब 1 घंटे तक इमरजेंसी वार्ड में हंगामा किया। परिजन इतने आक्रोशित थे कि वे डॉक्टर को मारने पर उतारू थे। एक महिला ने तो अपने हाथ में चप्पल भी उठा लिया। हालांकि होमगार्ड के जवानों के बीच बचाव करने पर मामला शांत हुआ।

परिजन डॉक्टर को मारने के लिए डॉक्टरों के चैंबर के मेन गेट पर जुट गए थे। इस दौरान परिजनों ने होम गार्ड के जवानों के साथ भी धक्का-मुक्की की। सूचना पर साकची पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों को किसी तरह समझा कर मामला शांत कराया।

छोटा गोविंदपुर में रहने वाले देवशरण शर्मा (45) की बुधवार की दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने बताया कि मरीज के पेशाब से ब्लड निकल रहा था। मंगलवार की रात उन्हें MGM में भर्ती कराया गया था। सुबह तक वे ठीक थे। दोपहर में पैर में दर्द की शिकायत थी। डॉक्टरों द्वारा इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद उनकी मौत हो गई।

Share this News...