पीड़ादायक- 79 साल के पति ने बीमार पत्नी को चाकू मारा:आत्महत्या की कोशिश भी की, देखभाल से परेशान हो गया था रिटायर्ड सीईओ बेटा अमरीका में कर रहा नौकरी

(फोटो प्रतीकात्मक है)

मुंबई जिन बच्चों को अच्छी शिक्षा दी वे विदेश में जाकर बस गये और यहां बूढे मां बाप की देशभाल करने वाला कोई नहीं। मुंबई में निजी कंपनी के रिटायर्ड सीईओ (79) ने अपनी बीमार पत्नी (76) पर चाकू से 9 से 10 बार हमला किया। फिर अपना गला काटकर सुसाइड करने की कोशिश भी की। आरोपी पति ने बताया कि वे बिस्तर पर पड़ी बीमार पत्नी की देखभाल करते-करते तंग आ चुके थे।
विष्णुकांत नरसीपा बालुर और उनकी पत्नी शकुंतला का अलग-अलग हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। घटना शुक्रवार (25 अगस्त) तडक़े 3 से 4 बजे के बीच हुई। मुंबई पुलिस ने रविवार (27 अगस्त) को मामले का खुलासा किया।
लंबे वक्त से बीमारी के कारण विष्णुकांत तनाव में थे. पुलिस ने बताया कि दंपति कांदिवली के ठाकुर विलेज स्थित मर्करी सोसायटी में थर्ड फ्लोर पर रहते हैं। उनका एक बेटा है, जो US में रहता है। शकुंतला लंबे वक्त से बीमार हैं। पति विष्णुकांत उनकी देखभाल करते थे।
विष्णुकांत की सेहत भी ठीक नहीं रहती। वो वॉकर लेकर चलते-फिरते हैं। बीमारी और बुढ़ापे के कारण विष्णुकांत तनाव में थे। पत्नी की सेवा करते-करते वो अपनी जिंदगी से परेशान थे।
मुंबई पुलिस ने विष्णुकांत के खिलाफ केस दर्ज किया है।
एक दिन पहले देखभाल के लिए हाउस हेल्प रखा था
घटना से एक दिन पहले विष्णुकांत ने पत्नी की देखभाल के लिए एक हाउस हेल्प को नौकरी पर रखा था। हाउस हेल्प गुरुवार (24 अगस्त) को काम करने के बाद चली गई। अगले दिन काम पर आई और घर की बेल बजाई।
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो उसने बिल्डिंग के गार्ड को बुलाया। गार्ड ने विष्णुकांत को फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। हालांकि, घर का दरवाजा खुला हुआ था।
दोनों अंदर गए तो देखा कि शकुंतला खून से लथपथ पड़ी थी। विष्णुकांत भी घायल थे। हाउस हेल्प ने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दंपति को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया
मुंबई की समता नगर पुलिस ने बताया कि शकुंतला की हालत गंभीर है। दंपति के बेटे को घटना की जानकारी दी गई है। साथ ही आरोपी बुजुर्ग के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद विष्णुकांत को गिरफ्तार करने पर विचार किया जाएगा।

Share this News...