झारखंड में राज्य सभा चुनाव आज.एनडीए, यूपीए ने कसी कमर

रांची. 18 जून भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को सामूहिक अभियान चलाया। सभी आजसू प्रमुख सुदेश महतो के कांके रोड स्थित सरकारी आवास पर पहुंचे, जहां उनके साथ बैठक हुई। निर्दलीय विधायक सरयू राय के यहां अरुण सिंह तो अमित यादव के यहां ओमप्रकाश माथुर गए। योजना बनी है कि शुक्रवार को सभी विधायक सुबह सात बजे के बाद सरला-बिरला विश्वविद्यालय से एक साथ विधानसभा भवन रवाना होंगे।
प्रथम वरीयता दीपक प्रकाश और दूसरी वरीयता का वोट गुरुजी को: सरयू राय
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह से हुई मुलाकात के बाद सरयू राय ने कहा कि उन्होंने पहले ही कह दिया है कि वे प्रथम वरीयता का मत भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश को, जबकि दूसरी वरीयता का वोट गुरुजी को देंगे। सरयू राय ने कहा कि दीपक प्रकाश और शिबू सोरेन की जीत पक्की है। अगर उनकी बात लोगों ने मानी होती तो आज चुनाव की नौबत नहीं आती तथा विधायकों पर अनावश्यक रूप से दबाव भी नहीं होता।
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के साथ भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर।

दीपक प्रकाश की जीत सुनिश्चित, मिलेंगे सबसे अधिक वोट: माथुर
ओमप्रकाश माथुर ने दावा किया है कि भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश की जीत सुनिश्चित है। इन्हें सबसे अधिक वोट मिलेंगे। उन्होंने कहा कि एनडीए विधायकों के अलावा कई अन्य विधायकों ने समर्थन की घोषणा की है और कई दूसरे चुनाव के पूर्व तक समर्थन दे सकते हैं।

भाजपा को इन 30 विधायकों के वोट का विश्वास
भाजपा विधायक: बाबूलाल मरांडी, सीपी सिंह, अनंत ओझा, नीलकंठ सिंह मुंडा, रामचंद्र चंद्रवंशी, अमर बाउरी, रणधीर सिंह, नीरा यादव, जयप्रकाश भाई पटेल, भानू प्रताप शाही, विरंची नारायण, राज सिन्हा, नवीन जायसवाल, मनीष जायसवाल, अपर्णा सेन गुप्ता, ढुल्लू महतो, आलोक चौरसिया, कोचे मुंडा, समरी लाल, पुष्पा देवी, किशुन दास, नारायण दास, केदार हाजरा, अमित मंडल, इंद्रजीत महतो और शशिभूषण मेहता।
आजसू विधायक: सुदेश महतो और लंबोदर महतो
निर्दलीय विधायक: सरयू राय और अमित यादव

Share this News...