मंच पर ही बेहोश हुए गुजरात CHIEF MINISTER

वडोदरा: गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी रविवार को मंच पर भाषण देते वक्त बेहोश होकर गिर गए। वे निकाय चुनावों के लिए प्रचार करने वडोदरा के निजामपुरा पहुंचे थे। यहां हुई सभा में मुख्यमंत्री चक्कर खाकर गिर पड़े। इसके बाद उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
डॉक्टरों ने रूपाणी को स्टेज पर ही फर्स्ट ऐड दिया। इसके बाद वे खुद सीढिय़ों से नीचे उतरे। यह रूपाणी की दिन की तीसरी रैली थी। वह तरसाली और करेलीबाग में चुनावी सभा करने के बाद निजामपुरा पहुंचे थे। डॉक्टरों के मुताबिक, रूपाणी की हालत ठीक है। ब्लड प्रेशर कम होने की वजह से वे होश खो बैठे थे। इलाज के बाद वह अहमदाबाद के लिए रवाना हो गए। मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट पर सभा का वीडियो शेयर किया गया है। इसके आखिरी हिस्से में रूपाणी को गिरते देखा जा सकता है।
निकाय चुनाव के लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं रूपाणी
विजय रूपाणी इन दिनों राज्य में निकाय चुनाव को लेकर काफी व्यस्त हैं। एक के बाद एक वे कई चुनावी सभाओं में शामिल हो रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, थकान और तनाव अचानक ब्लड प्रेशर कम होने की वजह बन सकता है।
स्थानीय नेताओं ने बताया कि पिछले 2 दिन से रूपाणी की सेहत ठीक नहीं थी। इसके बावजूद उन्होंने शनिवार को जामनगर में सभा की। रविवार को वह वडोदरा पहुंच गए। वडोदरा सहित 6 नगर निगमों में 21 फरवरी को चुनाव होना है। नगरपालिका, जिले और तालुका पंचायतों के लिए 28 फरवरी को वोटिंग होगी।

Share this News...